हल्द्वानी, 20 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के नैनीताल जिले के मोटाहल्दू क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री के कर्मचारियों द्वारा न्यूनतम वेतन दिए जाने और तय कार्यावधि में ही काम कराए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुरू की गयी हड़ताल के दौरान वहां पहुंचे कुछ छात्र नेताओं और पुलिस के बीच नोंकझोंक होने से स्थिति तनावपूर्ण हो गयी जिसके बाद पुलिस ने हालात को काबू करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया ।
मदरसन कंपनी के करीब 500 महिला और पुरूष कर्मचारी सुबह से ही फक्ट्री गेट के बाहर धरने पर बैठे हैं और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ।
जानकारी के अनुसार, हड़ताली कर्मचारियों के पास मौके पर पहुंचे कुछ छात्र नेताओं और पुलिसकर्मियों के बीच नोंकझोंक हो गयी जिससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गयी । हालांकि, पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लोगों को वहां से हटा दिया।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारी न्यूनतम वेतन 20,000 रुपये किए जाने और कार्य अवधि आठ घंटे निर्धारित करने की मांग कर रहे हैं । कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे तय समय से अधिक काम कराया जाता है लेकिन इसके अनुरूप वेतन नहीं दिया जाता।
कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर आर्थिक शोषण और मनमानी करने के आरोप भी लगाए हैं । महिला कर्मचारियों ने कहा कि कार्यस्थल पर उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है तथा काम के दौरान पानी पीने या शौचालय जाने तक पर रोक-टोक की जाती है ।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों द्वारा अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया जाता है।
हाल में कंपनी से निकाले गए अपने साथियों की पुनर्नियुक्ति की मांग करते हुए कर्मचारियों ने कहा कि बिना स्पष्ट कारण कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जा रहा है जिससे उनमें असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
इसके अलावा, कर्मचारियों ने कंपनी की परिवहन व्यवस्था पर भी सवाल उठाया और कहा कि कंपनी की बसों का रखरखाव ठीक नहीं है और बस चालकों का व्यवहार अनुचित है जिससे उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य पर खतरा पैदा हो गया है ।
इस बीच, स्थानीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट भी मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच वार्ता कराने का प्रयास किया।
विधायक ने कहा कि उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन से कर्मचारियों की मांगों पर विचार करने को कहा है । उन्होंने कहा कि वह इस मुददे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी बातचीत करेंगे ।
दोनों पक्षों के बीच बातचीत अभी जारी है लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है ।
हल्दुचौड़ के पुलिस चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं।
भाषा सं दीप्ति
रंजन
रंजन