(Stock Market Today/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: Stock Market Today in India: निफ्टी की साप्ताहिक एक्सपायरी के दिन शेयर बाजार के लिए संकेत पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। एक तरफ गिफ्ट निफ्टी में करीब 100 अंकों की मजबूती दिखाई दे रही है, जो सकारात्मक शुरुआत का इशारा करती है। वहीं, दूसरी तरफ एशियाई बाजारों में भी तेजी का माहौल है और डाओ फ्यूचर्स हरे निशान पर कारोबार कर रहा है।
हालांकि अमेरिकी बाजारों ने थोड़ा निराश किया है। पिछले सत्र में यूएस इंडाइसेस हल्की गिरावट के साथ बंद हुए। इससे निवेशकों का सेंटीमेंट थोड़ा कमजोर पड़ा है। वहीं, डॉलर में दबाव और करेंसी मार्केट में उतार-चढ़ाव भी अनिश्चितता बढ़ा रहे हैं।
वहीं, अगर कमोडिटी बाजार की बात करें तो कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड 95 डॉलर के नीचे फिसल गया है। जिससे महंगाई को लेकर थोड़ी राहत मिल सकती है। तेल की कीमतों में यह नरमी आगे चलकर बाजार के लिए सकारात्मक संकेत बन सकती है।
एक्सपर्ट के मुताबिक, बैंक निफ्टी को 57100 के आसपास मजबूत रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ा। इसके बाद इंडेक्स में हल्की प्रॉफिट बुकिंग देखने को मिली और यह नीचे फिसल गया। हालांकि गिरावट के बावजूद बैंक निफ्टी मामूली बढ़त के साथ 56582 पर बंद हुआ। जो बाजार में संतुलन का संकेत देता है।
एक्सपर्ट का कहना है कि डेली चार्ट पर बेयरिश कैंडल बनती दिख रही है। जिसमें ऊपरी स्तरों पर बिकवाली का दबाव नजर आता है। पिछले कुछ सत्रों से मोमेंटम इंडिकेटर भी सपाट बने हुए हैं। इसका मतलब है कि बाजार फिलहाल एक सीमित दायरे में रह सकता है और तेज ट्रेंड की कमी बनी रह सकती है।
घरेलू मोर्चे पर चिंता की बात यह है कि 8 कोर इंडस्ट्री की ग्रोथ 19 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई है। यह 2.8% से गिरकर -0.4% हो गई है। कोल, सीमेंट, स्टील, क्रूड, बिजली और उर्वरक जैसे सेक्टरों में गिरावट दर्ज की गई है। जो आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार धीमी होने के संकेत देती है।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।