जयपुर, आठ जून (भाषा) राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक समेत छह लोगों को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया था। ब्यूरो ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि आरोपियों को सोमवार को बीकानेर की विशेष अदालत ने 12 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
ब्सरो के अनुसार एसीबी ने निगम के निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई और अन्य पांच आरोपियों गणपत राम बिश्नोई, स्वतंत्र बिश्नोई, किरण कपाड़िया, सुनील सेतिया और सतपाल को रविवार रात गिरफ्तार किया। उनके पास से 2.44 करोड़ रुपये बरामद किए गए, जो कथित तौर पर एक बीज कंपनी मालिक के खिलाफ कार्रवाई को निपटाने के लिए रिश्वत के रूप में लिये गये थे।
आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने लगभग 2.5 करोड़ रुपये की रिश्वत ली, ताकि संदिग्ध नकली मूंगफली के बीजों को गुजरात वापस भेजने में मदद की जा सके और कंपनी के खिलाफ कोई कार्रवाई न हो।
अधिकारियों के अनुसार, 85 लाख रुपये स्वतंत्र बिश्नोई से बरामद किए गए, जो लूणकरनसर क्षेत्र में एक निजी बस से यात्रा कर रहा था।
जांचकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह नकदी बीज निगम निदेशक के निर्देश पर ले जाई जा रही थी। इसके बाद बीकानेर में जुगल किशोर बिश्नोई के आवास पर छापे में 1.58 करोड़ रुपये मिले।
एसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि किरण कपाड़िया की कंपनी पर कार्रवाई की जा रही थी। अधिकारियों ने उसके गोदाम पर छापा मारकर बीजों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए, उसकी ‘गजराज’ ब्रांड के मूंगफली बीजों की बिक्री रोक दी और परिसर को सील कर दिया।
एसीबी को एक शिकायत मिली थी कि मामले को निपटाने के लिए रिश्वत दी जा रही है। आरोप है कि यह पैसा अधिकारियों की कार्रवाई को प्रभावित करने, मामले को दबाने, बीजों का स्टॉक गुजरात वापस भेजने और कंपनी को अनुकूल व्यवहार दिलाने के लिए दिया गया था। इसमें बीज नमूनों की मंजूरी और बीज बिक्री फिर से शुरू कराने जैसी सुविधाएं शामिल थीं।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीना ने अधिकारियों की टीम के साथ मिलकर छापेमारी की थी।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार