बोकारो में महिला की ‘हत्या’ मामले में छह लोग गिरफ्तार, भाजपा ने बंद आहूत किया

Ads

बोकारो में महिला की ‘हत्या’ मामले में छह लोग गिरफ्तार, भाजपा ने बंद आहूत किया

  •  
  • Publish Date - May 31, 2026 / 02:32 PM IST,
    Updated On - May 31, 2026 / 02:32 PM IST

बोकारो, 31 मई (भाषा) झारखंड के बोकारो जिले में 25 वर्षीय एक महिला की कथित हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार महिला ने शुक्रवार रात दो पड़ोसियों के बीच हुए विवाद को शांत कराने का प्रयास किया था, जिस दौरान उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल महिला की शनिवार को बोकारो के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई ने दावा किया है कि महिला चार महीने की गर्भवती थी और उसकी हत्या की गई है। पार्टी ने इस घटना के विरोध में दिन भर के बंद का आह्वान किया है।

बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया, ‘‘हमने इस मामले में मुख्य आरोपी सुरेंद्र भुइयां समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार रात मुख्य आरोपी और एक अन्य पड़ोसी के बीच हुए विवाद में हस्तक्षेप करने पर महिला के साथ कथित रूप से मारपीट की गई थी। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।’’

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात बेरमो थाना क्षेत्र के धौरा ढोरी रेलवे साइडिंग स्थित पांच नंबर कॉलोनी में हुई। मृतका अनीता देवी (25) और उसके पति ने दो पड़ोसियों के बीच हो रहे झगड़े में हस्तक्षेप किया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार किए गए पांच अन्य आरोपियों की पहचान बबलू कुमार, बीरेंद्र कुमार भारती, राहुल डेगर, राजेश भुइयां और धीरेन भुइयां के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान और लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और विस्तृत जांच की जा रही है।

उधर, भाजपा ने महिला की कथित हत्या के विरोध में रविवार को बोकारो में एक दिवसीय बंद आहूत किया है।

पार्टी की ओर से शनिवार रात जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बेरमो में चार माह की गर्भवती महिला की हत्या के विरोध में 31 मई को बोकारो बंद का आह्वान किया है।’’

भाषा रवि कांत रवि कांत अमित

अमित