कोच्चि में अवैध रूप से रह रहे छह बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

Ads

कोच्चि में अवैध रूप से रह रहे छह बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 10:12 AM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 10:12 AM IST

कोच्चि, 26 जून (भाषा) केरल पुलिस ने यहां एरूर क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे छह बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, खुफिया एजेंसियों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को एरूर स्थित कुट्टिपडम रोड पर कबाड़ की एक दुकान पर छापेमारी की।

जांच के दौरान पुलिस ने दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों के पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की, जो कथित तौर पर फर्जी पाए गए।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान रकीव शबा, मोहम्मद सोहेल फराज, तारिक, सोगिर, मैधी हाजीदा और मोहम्मद अगिन के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे बांग्लादेश के निवासी हैं और पिछले कुछ महीनों से कोच्चि में काम कर रहे थे।

इसके बाद उन्हें हिल पैलेस पुलिस थाने ले जाया गया, जहां खुफिया एजेंसियों ने उनसे विस्तृत पूछताछ की।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आव्रजन एवं विदेशी नागरिक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस इस बात की विस्तृत जांच कर रही है कि आरोपी केरल कैसे पहुंचे और उनकी यात्रा की व्यवस्था किसने कराई।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।

भाषा

गोला वैभव

वैभव