कोयला लदी मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे, कटनी में रेल यातायात प्रभावित

कोयला लदी मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे, कटनी में रेल यातायात प्रभावित

कोयला लदी मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे, कटनी में रेल यातायात प्रभावित
Modified Date: March 7, 2026 / 05:59 pm IST
Published Date: March 7, 2026 5:59 pm IST

कटनी (मप्र), सात मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के कटनी जिले में शनिवार को कोयला लदी एक मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर जाने से व्यस्त रेलमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और कई रेलगाड़ियों का मार्ग बदलना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि न्यू कटनी जंक्शन (एनकेजे) सेक्शन में रेल लाइन बहाल करने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य की निगरानी के लिए जबलपुर से एक टीम मौके पर पहुंची है।

अधिकारी ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब साढ़े 10 बजे एनकेजे क्षेत्र में ‘ए केबिन’ के पास हुआ, जिससे पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से जुड़े मार्गों पर रेल संचालन प्रभावित हुआ।

कटनी क्षेत्र प्रबंधक रोहित सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि कोयला लदी यह मालगाड़ी बिलासपुर से पश्चिम बड़ौदा जा रही थी, तभी इसके छह डिब्बे पटरी से उतर गए।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का आकलन शुरू किया।

अधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर की ओर जाने वाला रेल यातायात प्रभावित हुआ है। चार रेलगाड़ियों का मार्ग बदला गया है, जबकि दो को ‘शॉर्ट टर्मिनेट’ और दो को ‘शॉर्ट ओरिजिनेट’ किया गया है।

रेलगाड़ी के निर्धारित गंतव्य स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही किसी अन्य स्टेशन पर यात्रा समाप्त कर देने को ‘शॉर्ट टर्मिनेट’ कहा जाता है, जबकि ‘शॉर्ट ओरिजिनेट’ का मतलब है कि रेलगाड़ी अपने निर्धारित शुरुआती स्टेशन से न चलकर, रास्ते के किसी बाद के स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करती है।

भाषा दिमो सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में