संभल (उप्र), 19 सितंबर (भाषा) संभल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोर एवं किशोरी के शव पेड़ से लटके मिले। पुलिस के अनुसार दोनों ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार शनिवार को ग्रामीणों ने नेहटा के जंगल में आम के एक पेड़ पर दो शव अलग-अलग चुन्नी से लटके देखे और पुलिस को सूचना दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कुलदीप सिंह ने पत्रकारों को बताया कि ग्राम प्रधान से सूचना मिली थी कि नेहटा के जंगलों में किशोर एवं किशोरी के शव पेड़ से लटके मिले हैं। उन्होंने बताया कि सूचना पर बनियाठेर पुलिस और चंदौसी के क्षेत्राधिकारी (सीओ) मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है और वे बनियाठेर थाना क्षेत्र के सैंजनी गांव के रहने वाले हैं।
एएसपी ने बताया कि फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द अमित
अमित