एटा के अलीगंज में दो मंजिला मकान में भीषण आग, छह दुकानें और पांच वाहन हुए खाक

Ads

एटा के अलीगंज में दो मंजिला मकान में भीषण आग, छह दुकानें और पांच वाहन हुए खाक

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 12:17 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 12:17 PM IST

एटा (उप्र), नौ जुलाई (भाषा) एटा के अलीगंज कस्बे में बुधवार देर रात दो मंजिल के एक मकान में भीषण आग लगने से छह दुकानें, पांच वाहन और घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

घटना में कोई हताहत नहीं हुआ मगर पीड़ित परिवार ने करीब 60 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है।

पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि अलीगंज कस्बे में रहने वाले चमन मियां का परिवार बुधवार रात अपने मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहा था, तभी शोर सुनकर परिवार की नींद खुली तो आग सीढ़ियों तक पहुंच चुकी थी।

उन्होंने बताया कि चमन मियां की पत्नी शाहीन ने सूझबूझ दिखाते हुए पांच बच्चों सहित घर के सभी लोगों को पड़ोसी की छत के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

अग्निशमन अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह करीब सात बजे सूचना मिलते ही एटा और अलीगंज से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, जिन्होंने थोड़ी देर में आग पर काबू पा लिया।

उन्होंने बताया कि आग में एक कार, एक तिपहिया वाहन, दो मोटरसाइकिलें, एक इलेक्ट्रिक स्कूटर तथा अन्य सामान जल गया।

अलीगंज के उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम से नुकसान का आकलन कराया जा रहा है और रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

भाषा सं. सलीम मनीषा

मनीषा