गुरुग्राम, नौ जुलाई (भाषा) हरियाणा के नूंह जिले के गोयला गांव के पास कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो पुलिसकर्मियों को कुचल दिया। हादसे में हरियाणा के एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई जबकि एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब पुलिस की एक टीम मवेशियों से लदे एक वाहन को अपने कब्जे में लेने के लिए एक्सप्रेसवे पर पहुंची थी। हालांकि, वह वाहन खराब हो गया जिसके बाद उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि कुछ ही देर बाद एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े उस वाहन से टकरा गया। इस हादसे में कांस्टेबल गिरीश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) मुकेश फोगाट गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, एक अन्य पुलिसकर्मी साहिल बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने बताया कि बचाव अभियान शुरू किया गया और घायल एएसआई को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कांस्टेबल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
नूंह पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हमने मवेशियों से लदे वाहन और टक्कर मारने वाले ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है।’
भाषा तान्या नरेश
नरेश