झारखंड के हजारीबाग में चोरी की छह मोटरसाइकिल बरामद
झारखंड के हजारीबाग में चोरी की छह मोटरसाइकिल बरामद
हजारीबाग, 20 सितंबर (भाषा) हजारीबाग पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान चोरी की छह मोटरसाइकिल बरामद की हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने दो दिन पहले चोरी की 17 मोटरसाइकिल और एक ई-ऑटो रिक्शा जब्त करके सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी चौपारण थाना क्षेत्र के अंबाटारी गांव में की गई। अधिकारियों के अनुसार पुलिस ने इस दौरान 253 लीटर अवैध देसी शराब (महुआ) भी जब्त की।
चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा, ‘‘हमें सूचना मिली थी कि चोरी की मोटरसाइकिल से अवैध महुआ शराब की ढुलाई की जा रही है और इसे पड़ोसी राज्य बिहार भेजा जा रहा है, जहां शराब के सेवन पर प्रतिबंध है। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी की गई और चोरी की छह मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ 253 लीटर देसी शराब जब्त की गई।’’
उन्होंने बताया कि पांच नामजद तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच की जा रही है।
भाषा अमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


