जयपुर, चार जून (भाषा) जयपुर के रामगंज क्षेत्र स्थित चीता वालों का मोहल्ला में निर्माण के दौरान झुक छह मंजिला इमारत को नगर निगम ने बृहस्पतिवार को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई तकनीकी विशेषज्ञों की निगरानी में की गई ताकि आसपास की इमारतों को न्यूनतम जोखिम हो।
उन्होंने बताया कि नौ मई को निर्माण कार्य के दौरान कुछ पिलर क्षतिग्रस्त हो जाने से इमारत एक ओर झुक गई थी।
ध्वस्तीकरण से पहले प्रशासन ने क्षेत्र के सभी मार्ग सील कर दिए और अवरोधक लगाकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामगंज थाना पुलिस को मौके पर तैनात किया गया।
एहतियात के तौर पर आसपास के 10 से 15 मकानों को खाली कराया गया और वहां रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। साथ ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।
नगर निगम के किशनपोल जोन के उपायुक्त विजेंद्र सिंह ने बताया कि छह मंजिला यह इमारत बिना अनुमति के अवैध रूप से बनाई जा रही थी।
उन्होंने बताया कि नौ मई को इसके एक हिस्से में दरार आ गई जिसके बाद उसी दिन इमारत को खाली करा लिया गया।
सिंह ने बताया कि इसके बाद नगर निगम ने विशेषज्ञों की राय के आधार पर इमारत को असुरक्षित घोषित कर उसे ध्वस्त करने का निर्णय लिया।
भाषा बाकोलिया मनीषा खारी
खारी