बाहरी दिल्ली में छह साल के बच्चे की गला रेत कर हत्या

बाहरी दिल्ली में छह साल के बच्चे की गला रेत कर हत्या

बाहरी दिल्ली में छह साल के बच्चे की गला रेत कर हत्या
Modified Date: March 6, 2026 / 09:48 pm IST
Published Date: March 6, 2026 9:48 pm IST

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) बाहरी दिल्ली के रणहौला इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत के अंदर छह वर्षीय बच्चे की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि परिवार ने इस हत्या के पीछे मां की भूमिका होने का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार, बच्चे की मां मंगलवार से घर से लापता है और वह अपने साथ लड़के को भी ले गई थी। परिवार का दावा है कि महिला का एक शख्स के साथ विवाहेत्तर संबंध है।

पुलिस ने बताया कि बच्चा रणहौला में एक किराए के मकान में अपने माता-पिता और भाई-बहनों के साथ रहता था। उसके पिता दिहाड़ी मजदूर हैं।

स्थानीय लोगों ने बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस को सूचित किया कि बच्चे का शव निर्माणाधीन इमारत के अंदर पड़ा है।

पुलिस को संदेह है कि बच्चे की हत्या कहीं और की गई होगी और बाद में शव को इस स्थान पर लाकर फेंका गया होगा, क्योंकि घटनास्थल के आसपास खून के निशान सीमित मिले। पुलिस ने बताया कि मौके से एक चाकू और लोहे की छड़ भी बरामद की गई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, परिजनों ने आरोप लगाया है कि महिला का बिहार के छपरा जिले के अपने पैतृक गांव के एक ट्रक चालक के साथ संबंध है और इस मुद्दे पर अक्सर उसका अपने पति के साथ विवाद होता था।

पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि वह समय-समय पर बच्चों के साथ घर छोड़ देती थी और बाद में लौट आती थी, लेकिन इस बार वह लड़के को साथ ले गई और वापस नहीं आई।

अधिकारी ने कहा, ‘शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।’

पुलिस ने बताया कि लापता महिला का पता लगाने और मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच के लिए टीमों का गठन किया गया है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव


लेखक के बारे में