बरनाला, दो अगस्त (भाषा) कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की कोशिश के बावजूद पार्टी की पंजाब इकाई में अंदरूनी कलह थम नहीं रही है तथा रविवार को यहां एक कार्यक्रम में पंजाब मामलों के प्रभारी पार्टी महासचिव भूपेश बघेल की मौजूदगी में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने नारेबाजी की।
कांग्रेस अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार की तैयारी में जुटी है लेकिन पार्टी के कार्यक्रमों में चन्नी के समर्थक लगातार नारेबाजी कर रहे हैं।
शनिवार को पटियाला और संगरूर में ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ कार्यक्रमों में भी चन्नी के समर्थन में नारे लगाने के कारण व्यवधान पैदा हुआ था।
बघेल ने हालांकि कहा कि अब समय आ गया है कि पंजाब में कांग्रेस के नेता एकजुट रहें और आम आदमी पार्टी (आप) तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ ‘‘बड़ी लड़ाई’’ लड़ें, क्योंकि ये दोनों पार्टी ‘एक ही सिक्के के दो पहलू’ हैं।”
रविवार को बरनाला में कार्यक्रम के दौरान, पार्टी कार्यकर्ताओं का एक समूह चन्नी के समर्थन में नारे लगाने लगा जिससे कुछ देर के लिए कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हुआ।
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने उनसे बैठक होने देने की अपील की। उन्होंने उनसे कहा, ‘कोई नारा नहीं।’
नाराज नेताओं को शांत करने के लिए बरनाला के विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों मंच से नीचे उतरे।
बिना किसी का नाम लिए ढिल्लों ने कहा, ‘‘इस राज्य में पांच- सात ऐसे नेता हैं जो दिल्ली में बातें करते हैं और अपनी कहानियां बनाते हैं। दिल्ली में इंदिरा भवन में बैठकर वे कांग्रेस को मजबूत करने की बातें करते हैं। फिर वे वापस आकर (राज्य में) दूसरों को नुकसान पहुंचाने लगते हैं। हमें ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।’’
पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना ने कहा कि जो लोग जानबूझकर पार्टी का माहौल खराब करते हैं, उन्हें पार्टी से निकाल दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा,‘‘अगर किसी को कोई समस्या है तो उसे आलाकमान के सामने बताना चाहिए।’’
पार्टी नेतृत्व के बार-बार यह कहने के बावजूद कि 2027 के पंजाब चुनाव से पहले संगठन की एकता को मजबूत करने की कोशिशें चल रही हैं, प्रदेश पार्टी इकाई गुटबाजी से जूझ रही है।
यह अंदरूनी कलह तब सामने आई जब कांग्रेस आलाकमान ने एक जुलाई को वडिंग को प्रदेश इकाई का प्रमुख बनाए रखने और जालंधर के सांसद चन्नी को अपनी चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला किया।
बरनाला में अपने संबोधन के दौरान बघेल ने कहा कि कांग्रेस देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें आंतरिक लोकतंत्र है और जो सहमति से फैसले लेती है।
उन्होंने कहा कि किसी को नहीं पता कि भाजपा और ‘आप’ जैसी पार्टियों में अध्यक्षों और संयोजकों की नियुक्ति कैसे की जाती है।
बघेल इन दिनों पंजाब की यात्रा पर हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस की जीत का मार्ग प्रशस्त करेगा।
बघेल ने कहा, ‘‘हमें केंद्र की भाजपा सरकार और पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को हटाना होगा। हम पंजाब से शुरुआत करेंगे। हम भ्रष्ट और अक्षम सरकार को हटा देंगे और उसकी जगह एक जनहितैषी सरकार लाएंगे।’’
वडिंग ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत किए बिना कोई भी चुनाव नहीं जीता जा सकता।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश