उत्तराखंड में ‘आपरेशन स्माइल’ के तहत अब तक 568 लापता लोगों को बरामद किया गया
उत्तराखंड में 'आपरेशन स्माइल' के तहत अब तक 568 लापता लोगों को बरामद किया गया
देहरादून, 19 सितंबर (भाषा) गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए इस माह शुरू किए गए ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत उत्तराखंड पुलिस ने पहले पखवाड़े में अब तक 568 लापता लोगों को बरामद किया है ।
यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एक सितंबर से 15 सितंबर के बीच कुल 568 गुमशुदाओं को बरामद किया गया है। विज्ञप्ति के मुताबिक, इनमें से उत्तराखंड में सात बालकों तथा 27 बालिकाओं समेत कुल 530 लोगों के बारे में सूचनाएं पंजीकृत थीं जबकि बरामद किए गए अन्य 38 लोगों के बारे में जानकारी अपंजीकृत थी ।
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के निर्देश पर प्रदेश में गुमशुदा लोगों की तलाश के वास्ते दो माह के लिए ‘आपरेशन स्माइल’ चलाया जा रहा है ।
महानिदेशक द्वारा की गयी अभियान की समीक्षा में पाया गया कि प्रदेश के गठन के 23 वर्षों में उत्तराखंड में कुल 5662 बालक, 4896 बालिकाएं, 12,701 महिलाएं व 13,784 पुरूष लापता हुए हैं जिनमें से 5437 बालक (96 प्रतिशत), 4705 बालिकाएं (96 प्रतिशत), 11,399 महिलाएं (90 प्रतिशत) व 11,174 पुरूष (81फीसदी) बरामद कर लिए गए ।
इस वर्ष एक सितंबर को शुरू किए गए अभियान में गुमशुदाओं को तलाश करने के लिए प्रदेश भर में कुल 26 दल गठित किए गए थे।
भाषा दीप्ति दीप्ति नोमान
नोमान

Facebook


