नयी दिल्ली/चेन्निथला, छह मई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने बुधवार को कहा कि सोशल मीडिया अभियानों पर प्रचार और फ्लेक्सबोर्ड लगाने से केरल के मुख्यमंत्री का चयन नहीं होगा।
चेन्निथला ने सोशल मीडिया पर वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री बनाये जाने को लेकर जारी जोरदार अभियान के संबंध में दिल्ली में पत्रकारों द्वारा पूछे गये सवालों पर यह टिप्पणी की।
सतीशन ने जमीनी स्तर पर संयुक्त लोकतांत्रिक गठबंधन (यूडीएफ) के चुनाव अभियान का नेतृत्व किया है।
चेन्निथला ने कहा, “मुख्यमंत्री का चुनाव सोशल मीडिया अभियानों या समर्थकों द्वारा लगाए गए फ्लेक्सबोर्ड के आधार पर नहीं होता। यह निर्णय आला कमान द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिया जाता है।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, “इसी के तहत दो पार्टी पर्यवेक्षक शाम तक केरल पहुंच जाएंगे और सभी विधायकों से बात करेंगे। इसके बाद पार्टी आला कमान फैसला लेगा।”
उन्होंने कहा कि आला कमान पार्टी के हितों को ध्यान में रखते हुए फैसला लेगा और सभी इसे स्वीकार करेंगे।
चेन्निथला ने इस सवाल को भी खारिज कर दिया कि क्या मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी के भीतर कथित प्रतिस्पर्धा से मतदाताओं में असंतोष उत्पन्न होगा।
उन्होंने कहा, “मतदाताओं में असंतोष नहीं होगा क्योंकि कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है।” चेन्निथला ने केरल के मुख्यमंत्री की घोषणा में देरी के बारे में पूछे जाने पर कहा कि जिन अन्य राज्यों में चुनाव हुए हैं, वहां अभी तक मुख्यमंत्री का चयन नहीं हुआ है।
उन्होंने पूछा, “तो क्या यह कहा जा सकता है कि केरल के मामले में देरी हो रही है?”
कांग्रेस नेता ने बताया कि वह महाराष्ट्र में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की नियुक्ति को अंतिम रूप देने के संबंध में राहुल गांधी से मुलाकात के लिए दिल्ली में थे।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन