सामाजिक कल्याण अधिकारी ने कार्यालय में आत्महत्या की, वरिष्ठों को दोषी ठहराया

Ads

सामाजिक कल्याण अधिकारी ने कार्यालय में आत्महत्या की, वरिष्ठों को दोषी ठहराया

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 05:10 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 05:10 PM IST

तुमकुर (कर्नाटक), 21 मार्च (भाषा) तुमकुर जिले में सामाजिक कल्याण विभाग के एक अधिकारी ने अपने वरिष्ठ सहकर्मी पर उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद अपने कार्यालय में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सहायक निदेशक मल्लिकार्जुन का शव शुक्रवार को पावागड़ा कस्बे में समाज कल्याण विभाग के कार्यालय में पंखे से लटका मिला।

विभाग के तालुक-स्तरीय अधिकारी ने आत्महत्या करने से पहले अपने मोबाइल फोन पर एक सेल्फी वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि संयुक्त निदेशक कृष्णप्पा द्वारा प्रताड़ित किए जाने के कारण उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

पुलिस ने बताया कि मल्लिकार्जुन पावागड़ा के गुंडरलाहल्ली का मूल निवासी था।

वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि उनकी मां, पत्नी और बच्चों ने उसका अच्छे से ख्याल रखा है। पीड़ित ने दावा किया कि ईश्वर और कानून वरिष्ठ सहयोगी को उनके कृत्यों के लिए दंडित करेंगे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मल्लिकार्जुन के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत और सेल्फी वीडियो के आधार पर संयुक्त निदेशक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

प्रारंभिक जांच के निष्कर्षों का हवाला देते हुए अधिकारी ने कहा कि संयुक्त निदेशक ने हाल में मल्लिकार्जुन के खिलाफ जांच शुरू की थी।

उन्होंने बताया कि मल्लिकार्जुन महज 10 दिन में सेवानिवृत्त होने वाले थे और इस जांच से उनकी पेंशन और कार्य संबंधी अन्य मामलों पर असर पड़ सकता था।

भाषा

शुभम खारी

खारी