कारोबारी पिता की हत्या की साजिश के आरोप में बेटा गिरफ्तार

कारोबारी पिता की हत्या की साजिश के आरोप में बेटा गिरफ्तार

कारोबारी पिता की हत्या की साजिश के आरोप में बेटा गिरफ्तार
Modified Date: September 24, 2026 / 08:11 pm IST
Published Date: September 24, 2026 8:11 pm IST

कानपुर (उप्र), 24 सितंबर (भाषा) कानपुर के कल्याणपुर इलाके में हाल में एक दवा कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार रात उसके बेटे सुब्रत मनोचा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सुब्रत ने कथित तौर पर अपने पिता की हत्या की साजिश इसलिए रची क्योंकि उसे आशंका थी कि पिता किसी अन्य महिला के साथ रहने लगेंगे और अपनी संपत्ति उसके नाम कर देंगे।

दवा कारोबारी विनीत मनोचा (60) की पांच सितंबर को कल्याणपुर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने अगले दिन उनकी बहू शालू मनोचा तथा भाड़े के कथित हत्यारों– विशाल और राजकिशोर को गिरफ्तार किया था।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सुब्रत की भूमिका कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों तथा अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच के दौरान सामने आई।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि सुब्रत पर जुए और आईपीएल सट्टेबाजी के कारण 40 लाख रुपये से अधिक का कर्ज था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सुब्रत के पिता उसे करीब 40 हजार रुपये मासिक देते थे, जबकि वह लगभग 55 हजार रुपये प्रतिमाह कर्ज की किस्त चुका रहा था।

सूत्रों के मुताबिक, कथित हत्यारे विशाल ने पूछताछ में दावा किया कि सुब्रत ने उसे पिता की हत्या के लिए छह लाख रुपये देने का वादा किया था। विशाल ने यह भी आरोप लगाया कि सुब्रत ने पकड़े जाने पर शालू का नाम लेने को कहा था।

उन्होंने बताया कि पुलिस इन आरोपों की डिजिटल और अन्य साक्ष्यों से पुष्टि कर रही है।

सूत्रों ने बताया कि जांच में सुब्रत और विशाल के बीच हुई और बाद में हटायी गयी चैट तथा हत्या से पहले कई मौकों पर उनकी अवस्थिति की जानकारी भी सामने आई है।

उन्होंने बताया कि विशाल ने हत्या से दो दिन पहले नया सिम लिया था और उससे पहली कॉल सुब्रत को की थी।

सूत्रों ने बताया कि इन तथ्यों के बाद पुलिस ने शालू की भूमिका की भी दोबारा समीक्षा शुरू कर दी है।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहा कि शालू को अभी क्लीन चिट नहीं दी गई है और सभी साक्ष्यों की स्वतंत्र रूप से जांच की जाएगी तथा पर्याप्त सबूत नहीं मिलने पर अदालत में रिपोर्ट दाखिल की जाएगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुब्रत ने हत्या की बात कबूल नहीं की है।

उन्होंने बताया कि विशाल और राजकिशोर की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या से जुड़े सामान भी बरामद किये हैं। उन्होंने बताया कि सुब्रत को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

भाषा सं. सलीम राजेंद्र राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में