सूजा की कृति ‘हनुमान द मंकी गॉड’ सैफ्रनआर्ट नीलामी में रिकार्ड 15.60 करोड़ रुपये में बिकी

सूजा की कृति 'हनुमान द मंकी गॉड' सैफ्रनआर्ट नीलामी में रिकार्ड 15.60 करोड़ रुपये में बिकी

सूजा की कृति ‘हनुमान द मंकी गॉड’ सैफ्रनआर्ट नीलामी में रिकार्ड 15.60 करोड़ रुपये में बिकी
Modified Date: September 24, 2026 / 07:44 pm IST
Published Date: September 24, 2026 7:44 pm IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) भारतीय आधुनिक कला के दिग्गज एफ. एन. सूजा की दुर्लभ कृति ‘हनुमान द मंकी गॉड’ यहां आयोजित सैफ्रनआर्ट की ‘लाइव ऑटम’ नीलामी में 15.60 करोड़ रुपये में बिकी।

नीलामी घर ‘सैफ्रनआर्ट’ ने एक बयान में कहा कि कागज पर बनाई गई इस गॉश पेंटिंग में कलाकार मोहन शर्मा के साथ सूजा के सहयोग का प्रभाव दिखाई देता है। यह दुनिया भर में नीलामी में बिकी उनकी कागज पर बनी किसी कृति की सबसे अधिक कीमत हासिल करने वाली कलाकृति बन गई है।

गॉश पेंटिंग में पानी में घुलने वाले अपारदर्शी रंगों का इस्तेमाल किया जाता है।

लाइव और ऑनलाइन आयोजित ऑटम नीलामी में कुल 250.58 करोड़ रुपये की बिक्री हुई। 19 सितंबर को हुई लाइव नीलामी में 218.62 करोड़ रुपये की बिक्री हुई, जबकि 21-22 सितंबर को आयोजित ऑनलाइन नीलामी में 31.97 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की गई।

नीलामी में एम. वी. धुरंधर की कृति ‘श्री महालक्ष्मी’ (1899) भी 14.10 करोड़ रुपये में बिकी, जो नीलामी में दुनियाभर में इस कलाकार की किसी कृति के लिए हासिल की गई सबसे अधिक कीमत का नया रिकॉर्ड है।

नीलामी में कई अन्य उल्लेखनीय कृतियों ने भी संबंधित कलाकारों के लिए दुनियाभर में ‘‘सबसे अधिक कीमत हासिल करने’’ के रिकॉर्ड बनाए। इनमें ए. रामचंद्रन की ‘कूर्म अवतार विद सविता एंड अपराजिता फ्लावर्स’ (1996) 8.64 करोड़ रुपये में, जी. रविंदर रेड्डी की एक कृति 4.68 करोड़ रुपये में और जंगढ़ सिंह श्याम की ‘बेल मुखोटा’ (1999) 2.88 करोड़ रुपये में बिकी।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में