अट्ठाईस मई को बकरीद मनाने वाले विधि छात्रों के लिए बाद में विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी: डीयू
अट्ठाईस मई को बकरीद मनाने वाले विधि छात्रों के लिए बाद में विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी: डीयू
नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने मंगलवार को दिल्ली उच्च न्यायालय को आश्वासन दिया कि विधि संकाय के उन छात्रों के लिए 4 जुलाई के बाद एक विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिनकी सेमेस्टर परीक्षा 28 मई को ईद-उल-अजहा (बकरीद) के दिन पड़ी है।
विश्वविद्यालय के वकील ने यह बयान न्यायमूर्ति जसमीत सिंह के समक्ष दिया, जो इस मुद्दे पर विधि संकाय के छठे सेमेस्टर के एक छात्र की याचिका पर सुनवाई कर रहे थे।
डीयू के वकील ने कहा कि छात्रों को परीक्षा में शामिल नहीं होने के अपने निर्णय के बारे में कल तक विधि संकाय के डीन को ईमेल करना चाहिए।
अदालत ने कहा, ‘‘(दिल्ली विश्वविद्यालय के वकील ने कहा है) अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित छात्र और/या वे छात्र जो 28 मई, 2026 को ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाना चाहते हैं, वे कल (बुधवार) तक विधि संकाय के डीन को सूचित कर सकते हैं और उस दिन होने वाली परीक्षा 4 जुलाई के बाद आयोजित की जाएगी। उनके बयान को रिकॉर्ड में लेते हुए, याचिका का निपटारा किया जाता है।’’
अदालत ने स्पष्ट किया कि जिन छात्रों ने छूट मांगी है, उन्हें पुनर्निर्धारित परीक्षा की सूचना कम से कम एक सप्ताह पहले दे दी जाएगी।
याचिकाकर्ता सैफ राशिद सईद ने दिल्ली विश्वविद्यालय के उस निर्णय पर आपत्ति जतायी जिसमें केंद्र सरकार द्वारा ईद-उल-अजहा या बकरीद की छुट्टी घोषित किए जाने के बावजूद 28 मई को परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया था।
भाषा
अमित पवनेश
पवनेश

Facebook


