माझी सरकार की दूसरी वर्षगांठ से पहले ओडिशा में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज

Ads

माझी सरकार की दूसरी वर्षगांठ से पहले ओडिशा में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 09:15 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 09:15 PM IST

(तस्वीर के साथ)

भुवनेश्वर, 26 मई (भाषा) मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ हुई बैठकों के बाद ओडिशा में मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं।

ओडिशा मंत्रिमंडल में छह खाली पदों को भरने की अटकलों को मंगलवार को उस समय और बल मिला, जब दो वरिष्ठ मंत्रियों सुरेश पुजारी और पृथ्वीराज हरिचंदन ने संकेत दिया कि मंत्रालय में रिक्त पदों को भरने और निगमों तथा बोर्ड में राजनीतिक नियुक्तियों की प्रक्रिया पार्टी के भीतर चल रही है।

हालांकि माझी ने 12 जून 2024 को दो उपमुख्यमंत्रियों सहित 15 अन्य मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, लेकिन तब से छह पद खाली पड़े हैं।

नियमों के अनुसार, राज्य में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल संख्या राज्य के विधायकों की कुल संख्या के 15 प्रतिशत के भीतर होनी चाहिए। चूंकि ओडिशा में विधायकों की संख्या 147 है, इसलिए मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की संख्या 22 के भीतर होनी चाहिए। लिहाजा, माझी अपनी मंत्रिमंडल में छह और सदस्यों को शामिल कर सकते हैं।

इस तरह की तीव्र अटकलों के बीच कि माझी 12 जून को सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं, राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा, ‘यह (मंत्रिमंडल विस्तार) किसी भी क्षण हो सकता है। निगमों और बोर्ड में नियुक्तियों की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। पार्टी और सरकार ने चयन प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी है। इसे बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा।’

वहीं, हरिचंदन ने मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना को खारिज न करते हुए कहा, ‘मंत्रालय का विस्तार या फेरबदल मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। यदि वह रिक्तियों को ध्यान में रखते हुए ऐसा (विस्तार या फेरबदल) करना चाहते हैं, तो मुख्यमंत्री किसी भी समय कर सकते हैं। इसका सरकार की दूसरी वर्षगांठ से कोई लेना-देना नहीं है।’

हालांकि, दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के बाद माझी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज नयी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी से मुलाकात की। हमने संगठनात्मक मामलों और ओडिशा के समग्र विकास पर चर्चा की। उनके निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार।’

सोमवार को प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद माझी ने यह भी कहा था कि उन्होंने ओडिशा के बुनियादी ढांचे के विकास में रणनीतिक तेजी लाने, निवेश के अवसरों को बढ़ाने और प्रमुख जन कल्याणकारी पहलों के कार्यान्वयन पर चर्चा की।

माझी ने कहा, ‘मैंने प्रधानमंत्री को ओडिशा के लोगों के लिए हमारी सरकार की दो साल की समर्पित सेवा के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समारोह के लिए सौहार्दपूर्ण निमंत्रण भी दिया।’

माना जा रहा है कि माझी ने दिल्ली में दोनों नेताओं के साथ अपनी बैठक के दौरान राज्य में लंबे समय से प्रतीक्षित विभागों के फेरबदल और मंत्रिमंडल विस्तार के लिए प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष की मंजूरी मांगी है।

माझी की मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष के साथ बैठक महज दो सप्ताह के भीतर इस तरह का दूसरा घटनाक्रम थी। पिछले हफ्ते, नवीन ने भुवनेश्वर का दौरा किया था, जहां उन्होंने भाजपा की कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की थी और मंत्रिमंडल के साथ बातचीत की थी।

इस बीच, पार्टी सूत्रों ने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल के साथ लगभग 12 वरिष्ठ विधायक फिलहाल दिल्ली में मौजूद हैं।

भाषा

सुमित माधव

माधव