कटरा-बनिहाल रेल खंड पर ट्रेन की रफ्तार बढ़ाकर 100 किमी प्रति घंटा की गई: रेलवे
कटरा-बनिहाल रेल खंड पर ट्रेन की रफ्तार बढ़ाकर 100 किमी प्रति घंटा की गई: रेलवे
जम्मू, 19 अगस्त (भाषा) उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के तहत कटरा और बनिहाल के बीच 111 किलोमीटर लंबे नए ब्रॉडगेज रेल खंड पर ट्रेनों की अधिकतम स्वीकार्य गति बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह 111 किलोमीटर लंबा कटरा-बनिहाल रेल खंड महत्वाकांक्षी उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना का एक महत्वपूर्ण और तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण हिस्सा है। इस परियोजना का उद्देश्य कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से सीधे रेल मार्ग द्वारा जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा सभी निर्धारित सुरक्षा शर्तों का पालन किए जाने के बाद रेल मंत्रालय ने अधिकतम सीमा बढ़ाकर 100 किमी प्रति घंटा करने की मंजूरी दी है।
इससे पहले श्री माता वैष्णो देवी कटरा-संगलादान खंड पर ट्रेनों को अधिकतम 85 किमी प्रति घंटा और संगलादान-बनिहाल खंड पर 75 किमी प्रति घंटा की गति से चलने की अनुमति थी।
जम्मू के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रफ्तार बढ़ने से यात्रा के समय में कमी आएगी और जम्मू-कश्मीर का संपर्क और मजबूत होगा।
उन्होंने कहा, ‘गति में इस बढ़ोतरी से न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि जम्मू-कश्मीर का संपर्क भी मजबूत होगा। यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक यात्रा सुविधाएं मिलेंगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।’
भाषा सुमित संतोष
संतोष

Facebook


