‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने भारत में बॉक्स ऑफिस पर कमाए 300 करोड़ रुपये से अधिक

Ads

‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने भारत में बॉक्स ऑफिस पर कमाए 300 करोड़ रुपये से अधिक

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 12:58 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 12:58 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) टॉम हॉलैंड और जेंडाया अभिनीत फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने भारत में बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है।

डेस्टिन डैनियल क्रेटन के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारत में 30 जुलाई को रिलीज हुई थी, और इसका वैश्विक प्रदर्शन इसके एक दिन बाद शुरू हुआ। फिल्म में टॉम हॉलैंड ने स्पाइडर-मैन की भूमिका को दोहराया है, जबकि जेंडाया ने मिशेल जोन्स-वॉटसन का किरदार निभाया है। फिल्म में जैकब बैटलन ने नेड लीड्स, क्रोंडन ने टॉम्बस्टोन और सैडी सिंक ने जीन ग्रे की भूमिका निभाई है।

बॉक्स ऑफिस पर नजर रखने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने अब तक 310.38 करोड़ रुपये का सकल कारोबार किया है। दुनियाभर में फिल्म की कुल कमाई 92.7 करोड़ डॉलर तक पहुंच गई है।

फिल्म में हॉलैंड का किरदार एक नए खतरे का सामना करता है। इसी दौरान अपने जीवन की चुनौतियों के बीच उसके शरीर में आए अप्रत्याशित बदलावों से भी उसे जूझना पड़ता है।

‘ब्रांड न्यू डे’ मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की 38वीं फिल्म है। इसका निर्माण केविन फाइगी और एमी पास्कल ने किया है।

फिल्म में मार्क रफालो ने ब्रूस यानी द हल्क की भूमिका, जॉन बर्नथल ने द पनिशर और माइकल मांडो ने स्कॉर्पियन का किरदार निभाया है।

‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ के अलावा हॉलैंड और जेंडाया हाल में फिल्म ‘द ओडिसी’ में भी साथ नजर आए हैं। क्रिस्टोफर नोलन के निर्देशन में बनी यह फिल्म ट्रोजन युद्ध के बाद यूनानी राजा ओडीसियस की 10 साल लंबी कठिन यात्रा पर आधारित है।

‘द ओडिसी’ ने भी दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 90 करोड़ डॉलर से अधिक की कमाई की है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव