डीयू की आपत्तियों के बावजूद सेंट स्टीफंस कॉलेज की पहली महिला प्राचार्य ने कार्यभार संभाला

Ads

डीयू की आपत्तियों के बावजूद सेंट स्टीफंस कॉलेज की पहली महिला प्राचार्य ने कार्यभार संभाला

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 08:48 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 08:48 PM IST

नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की आपत्तियों के बावजूद सुजै़न एलियास ने सोमवार को सेंट स्टीफंस कॉलेज की 14वीं प्राचार्य के रूप में कार्यभार संभाला। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कहा कि वे विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से आगे के निर्देशों की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

एलियास की नियुक्ति की घोषणा 12 मई को एक अधिसूचना के माध्यम से की गई थी जिसके बाद डीयू ने कॉलेज को पत्र लिखकर नियुक्ति प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाने का निर्देश दिया था और दावा किया था कि यह यूजीसी के नियमों का उल्लंघन है।

विश्वविद्यालय ने यूजीसी को भी पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की थी।

डीयू के रजिस्ट्रार विकास गुप्ता ने सोमवार को कहा, ‘‘हम पहले ही यूजीसी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग कर चुके हैं। अब हम उनके अगले निर्देशों का इंतजार करेंगे।’’

सेंट स्टीफंस कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर प्राचार्य का पेज अब भी खाली दिखाई दे रहा है। वहीं, पूर्व प्राचार्य जॉन वर्गीज को अंग्रेजी विभाग के संकाय सदस्य के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। हालांकि, उनके परिचय खंड में अब भी उन्हें कॉलेज का प्राचार्य बताया गया है।

नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पूर्व प्राचार्य जॉन वर्गीस ने रविवार को सभी को एक विदाई ईमेल लिखा। अब तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि वह कॉलेज में संकाय सदस्य के रूप में बने रहेंगे या नहीं।’’

नवीनतम विवाद में कॉलेज ने भी वर्गीस को अंग्रेजी विभाग के संकाय सदस्य के रूप में शामिल करने के प्रस्तावों पर आपत्ति जताते हुए पत्र लिखा है।

इस बीच, अधिकारी ने कहा, ‘‘जब भी कोई प्राचार्य कार्यभार ग्रहण करता है तो एक समारोह होता है। हालांकि, अब तक हमें ऐसे किसी औपचारिक समारोह की जानकारी नहीं है।’’

वर्ष 1881 में स्थापना के बाद से कॉलेज के 145 साल के इतिहास में एलियास पहली महिला प्राचार्य हैं।

भाषा आशीष माधव

माधव