स्टालिन ने अन्नाद्रमुक की तुलना फसलों के बीच उगने वाले खरपतवार से की

स्टालिन ने अन्नाद्रमुक की तुलना फसलों के बीच उगने वाले खरपतवार से की

स्टालिन ने अन्नाद्रमुक की तुलना फसलों के बीच उगने वाले खरपतवार से की
Modified Date: June 11, 2025 / 09:18 pm IST
Published Date: June 11, 2025 9:18 pm IST

इरोड, 11 जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने बुधवार को राज्य के मुख्य विपक्षी दल अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) पर निशाना साधते हुए उसकी तुलना फसलों के बीच उगने वाले खरपतवार से की और कहा कि किसानों के साथ विश्वासघात करने वाली पार्टी का सफाया कर दिया जाना चाहिए।

स्टालिन ने यहां एक कृषि प्रदर्शनी और सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कहा कि कृषि केवल एक पेशा नहीं है बल्कि ‘यह हमारी संस्कृति है।’ उन्होंने कहा कि किसान अच्छी तरह जानते हैं कि फसलों के बीच खरपतवार उगते हैं और राज्य की पूर्ववर्ती अन्नाद्रमुक सरकार भी खरपतवार जैसी ही थी।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह एक ऐसी सरकार थी जिसने किसानों को हर तरह से धोखा दिया। कृपया प्रत्येक मुद्दे पर अपने संघर्ष के बारे में सोचें। आज, वह स्थिति बदल गई है।’’

साथ ही स्टालिन ने आरोप लगाया कि अन्नाद्रमुक शासन के दौरान किसानों की आत्महत्या के मामले बढ़ गए थे।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों ने अन्नाद्रमुक को चुनावों में हराया क्योंकि उन्होंने (पार्टी नेताओं) तीन कृषि कानूनों का समर्थन करके किसानों को धोखा दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा किसानों से आग्रह है कि ऐसे खरपतवारों को देश से पूरी तरह समाप्त किया जाना चाहिए।’’

स्टालिन ने कहा कि किसानों के लाभ के लिए कई और योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने किसानों का समर्थन मांगा।

स्टालिन ने विश्वास व्यक्त किया कि द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) 2026 के विधानसभा चुनाव जीतेगी और सत्ता बरकरार रखेगी, जो ‘द्रविड़ मॉडल शासन 2.O’ होगा।

विधानसभा चुनाव अप्रैल-मई 2026 तक होने हैं।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री स्टालिन ने नयी परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया और लाभार्थियों को कल्याण सहायता वितरित की।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में