स्टालिन का सत्तारूढ़ टीवीके पर निशाना; कहा- द्रमुक वापसी करने में माहिर
स्टालिन का सत्तारूढ़ टीवीके पर निशाना; कहा- द्रमुक वापसी करने में माहिर
चेन्नई, 22 अगस्त (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने शनिवार को आक्रामक तेवर अपनाते हुए कहा कि उनकी पार्टी राजनीतिक वापसी करने में सक्षम है और वह पूरे राज्य में मतदाताओं का समर्थन फिर से हासिल करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।
स्टालिन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह (विजय) ‘‘द्रमुक द्वारा शुरू की गई सभी परियोजनाओं’’ के नाम बदलने में व्यस्त हैं।
स्टालिन ने यहां द्रमुक मुख्यालय अन्ना अरिवलयम में पार्टी की कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘वह (विजय) विधानसभा को फिल्म का सेट समझते हैं और डायलॉग बोलते हैं।’’
पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन के भाषण में हाल में अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद द्रमुक के संगठनात्मक ढांचे में सुधार की योजना पर जोर रहा। उन्होंने पार्टी के भीतर आत्ममंथन, पदाधिकारियों के लिए आयु और कार्यकाल की सीमा लागू करने तथा आंदोलन को नए सिरे से मजबूत करने के लिए पारदर्शी सदस्यता भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की आवश्यकता जताई।
पार्टी के इतिहास और पिछली हार के बाद वापसी की क्षमता का उल्लेख करते हुए स्टालिन ने कहा कि द्रमुक की नींव तत्काल राजनीतिक जीत या हार से कहीं आगे की है। उन्होंने कहा, ‘‘हम राजनीति में इसलिए नहीं आए क्योंकि हम ऊब गए थे। हम लड़ने के लिए आए थे। हमारे आंदोलन का जीवन केवल सफलता या विफलता तक सीमित नहीं है। चुनाव हारने के बाद अगले चुनाव तक सोए रहना अन्य दलों की आदत है। विपक्ष में रहते हुए भी हमारी पार्टी लोगों के लिए बिना सुस्ती के असाधारण रूप से काम करने के लिए अपने प्रतिद्वंद्वियों के बीच जानी जाती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम वापसी करने में माहिर हैं और हम इसे अच्छी तरह करेंगे।’’ उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर जनसंपर्क मजबूत करने की अपील की।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश

Facebook


