जम्मू-कश्मीर में आईवाईसी के प्रदेश सचिव को हिरासत में लिया गया
जम्मू-कश्मीर में आईवाईसी के प्रदेश सचिव को हिरासत में लिया गया
जम्मू, 26 फरवरी (भाषा) कांग्रेस की युवा शाखा भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) की जम्मू-कश्मीर इकाई के सचिव करनदीप सिंह को रियासी जिले में बृहस्पतिवार को उस समय हिरासत में ले लिया गया, जब वह आईवाईसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब की गिरफ्तारी के विरोध में पांच मंजिला पानी की टंकी पर चढ़ गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कांग्रेस का झंडा और “मोदी इज़ कम्प्रोमाइज्ड” लिखी तख्ती लेकर सिंह और एक अन्य युवक टंकी पर चढ़ गए और केंद्र सरकार तथा प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।
सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक आवाजों को दबा रही है और देश का नेतृत्व “विदेशी शक्तियों के आगे झुक गया है।”
उन्होंने कहा कि जब तक चिब को रिहा नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। चिब को नयी दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान “कमीज उतार कर विरोध करने” के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस किसी दबाव के आगे नहीं झुकेगी।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने और बातचीत के बाद सिंह को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
अधिकारियों ने बताया कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए उन्हें हिरासत में लिया गया है।
पुलिस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेताओं ने सिंह की हिरासत को आवाज दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध संवैधानिक अधिकार है और सरकार विपक्षी आवाजों के खिलाफ दमन की नीति अपना रही है।
भाषा राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


