सड़कों को नहीं, मंत्रियों के वाहन रोकें: सुप्रिया सुले

सड़कों को नहीं, मंत्रियों के वाहन रोकें: सुप्रिया सुले

सड़कों को नहीं, मंत्रियों के वाहन रोकें: सुप्रिया सुले
Modified Date: September 26, 2026 / 09:23 pm IST
Published Date: September 26, 2026 9:23 pm IST

पंढरपुर, 26 सितंबर (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)-शरदचंद्र पवार (शप) की सांसद सुप्रिया सुले ने शनिवार को प्रदर्शनकारी किसानों से सड़कों को अवरुद्ध कर लोगों को परेशान करने के बजाए फसल ऋण माफी और अन्य मांगों को लेकर सत्ता में बैठे लोगों के वाहनों को रोकने की अपील की।

सुले ने यहां किसानों को संबोधित करते हुए कहा, “सड़कों को अवरुद्ध न करें। अगर आप किसी सड़क पर यातायात को रोकना चाहते हैं तो सत्ता में बैठे लोगों के वाहनों को रोकें। वे क्या करेंगे? वे आपको थाने ले जाएंगे और जेल में डाल देंगे।”

राकांपा (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया कि सभा में मौजूद एक युवती ने उनसे सड़क पर यातायात जाम शुरू करने के लिए कहा था।

उन्होंने कहा, “ मैंने उससे कहा कि सड़कों पर यातायात जाम न करें। युवाओं में उत्साह होता है और वे नई चीजें करना चाहते हैं। लेकिन सड़क यातायात रोकने से आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। अगर आप किसी मुख्य मार्ग पर यातायात रोकेंगे तो आम लोग फंस जाएंगे, जबकि आपका नेता जो सत्ता में है, हेलीकॉप्टर से चला जाएगा।”

बारामती से सांसद ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह असंवेदनशील सरकार में मंत्री बने रहने के बजाय जेल जाना पसंद करेंगी, जहां मंत्री काजू व पिस्ता खाते हैं जबकि लोग परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

भाषा शुभम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में