एटा, 29 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा जिले में अपने बच्चों से 200 रुपये परीक्षा शुल्क मांगे जाने से नाराज एक व्यक्ति ने मंगलवार को स्कूल में प्रधानाचार्य के साथ बहस के दौरान कथित तौर पर तमंचा निकाला और गोली चला दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गोली प्रधानाचार्य कार्यालय के दरवाजे पर लगी और इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
नयागांव थाना क्षेत्र के बनी गांव स्थित संकट मोचन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने बताया कि कदरागंज गांव निवासी सतेंद्र कुमार के दो बच्चे उनके स्कूल में पढ़ते हैं।
प्रधानाचार्य के अनुसार, स्कूल प्रशासन ने बच्चों से 200 रुपये परीक्षा शुल्क जमा करने के लिए कहा था, जिससे सतेंद्र नाराज था।
कुमार ने बताया कि मंगलवार को सतेंद्र तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा और उनसे तथा अन्य कर्मियों से अभद्रता करने लगा।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान सतेंद्र ने तमंचा निकालकर गोली चला दी, जो उनके कार्यालय के गेट पर जा लगी।
कुमार ने बताया कि गोली की आवाज से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके पास से तमंचा बरामद हुआ है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
सं सलीम पारुल
पारुल