छात्राओं ने प्रधानाचार्य के चेहरे पर पोती स्याही, छेड़छाड़ के आरोप में हिरासत में
छात्राओं ने प्रधानाचार्य के चेहरे पर पोती स्याही, छेड़छाड़ के आरोप में हिरासत में
जयपुर, 17 अगस्त (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले के एक सरकारी विद्यालय में छात्राओं ने सोमवार को अपने प्रधानाचार्य के चेहरे पर स्याही पोत दी। छात्राओं ने प्रधानाचार्य पर उनके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना एक सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई, जहां छात्राओं और उनके अभिभावकों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार रिनवा के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पुष्कर थाने के थानाधिकारी अशोक बिशु ने बताया, “छात्राओं ने प्रधानाचार्य के चेहरे पर स्याही पोत दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रधानाचार्य को हिरासत में ले लिया।”
उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्य के खिलाफ छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया जा रहा है।
अजमेर के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।
उन्होंने कहा, “प्रदर्शन की सूचना मिलने पर मैंने एक अधिकारी को विद्यालय भेजा था। अधिकारी ने उन छात्राओं के बयान दर्ज किए, जिन्होंने प्रधानाचार्य पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।”
अजमेर के केकड़ी क्षेत्र में भी पिछले सप्ताह छात्राओं द्वारा इसी तरह के आरोप लगाए जाने के बाद एक सरकारी विद्यालय के शिक्षक को निलंबित किया गया था।
भाषा बाकोलिया अमित
अमित

Facebook


