अरुणाचल प्रदेश में छात्र संघ के बंद से दो ज़िलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित

अरुणाचल प्रदेश में छात्र संघ के बंद से दो ज़िलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित

अरुणाचल प्रदेश में छात्र संघ के बंद से दो ज़िलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित
Modified Date: September 22, 2025 / 08:37 pm IST
Published Date: September 22, 2025 8:37 pm IST

ईटानगर, 22 सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश में आदि स्टूडेंट्स यूनियन के कार्यकर्ताओं द्वारा आहूत सुबह से शाम तक के बंद के चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।

संगठन ने यह बंद ऐसे समय आहूत किया जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस दिन राज्य की राजधानी ईटानगर के दौरे पर थे।

यह बंद सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) के बारे में छात्र संघ की मांग पर राज्य सरकार द्वारा कथित तौर पर कोई प्रतिक्रिया न दिए जाने के विरोध में बुलाया गया था।

इस बंद को तब लागू किया गया जब प्रधानमंत्री ने अरुणाचल प्रदेश में 5,100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का अनावरण किया।

छात्र संघ के कार्यकर्ताओं ने बाजार क्षेत्रों और सियांग जिला मुख्यालय बोलेंग कस्बे के प्रवेश द्वार पर टायर जलाए।

अधिकारियों ने बताया कि सियांग क्षेत्र में सड़कों पर वाहन नदारद रहे जबकि बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान और निजी कार्यालय बंद रहे।

एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त कार्यालय का प्रवेश द्वार तोड़ दिया और परिसर को बंद कर दिया।

सियांग के पुलिस अधीक्षक जे.के. लेगो ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना दिया।

उन्होंने बताया कि उपायुक्त कार्यालय पर तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने संयम बनाए रखा और सुनिश्चित किया कि स्थिति बिगड़े नहीं।

अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने सार्वजनिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया और बाद में ताला खोल दिया।

लेगो ने कहा कि ज़िले के अन्य हिस्सों में बंद शांतिपूर्ण रहा।

अपर सियांग के उपायुक्त तालो जेरंग ने कहा कि पूरे ज़िले में बंद शांतिपूर्ण रहा।

छात्र संगठन ने 25 अगस्त को राज्य सरकार से आग्रह किया था कि जब तक दोनों जिलों के सभी 31 गांव परियोजना के लाभ के बारे में आश्वस्त नहीं हो जाते तब तक परियोजना के लिए पूर्व-आकलन सर्वेक्षण न किया जाए।

भाषा प्रीति नरेश

नरेश


लेखक के बारे में