सनी देओल ने ‘जीत’ के 30 साल पूरे होने का जश्न मनाया

Ads

सनी देओल ने 'जीत' के 30 साल पूरे होने का जश्न मनाया

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 03:12 PM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 03:12 PM IST

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) अभिनेता सनी देओल ने अपनी फिल्म ‘‘जीत’’ के तीस साल पूरे होने के मौके पर एक क्लिप साझा किया और दर्शकों को धन्यवाद दिया।

फिल्म का निर्देशन राज कंवर ने किया था और इसमें अभिनेता ने करण की भूमिका निभाई थी, जो एक निडर और गंभीर स्वभाव वाला अपराधी है तथा एक शक्तिशाली डॉन (अमरीश पुरी) के लिए काम करता है। अभिनेता ने कहा कि यह किरदार “उनके दिल के बेहद करीब” है।

देओल ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म की झलकियों वाला एक वीडियो साझा किया।

उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “जीत के 30 साल। करण, उसका प्यार, उसका गुस्सा, उसका बलिदान…एक ऐसा किरदार जो आज भी मेरे दिल में बसता है। इस फिल्म को 30 साल से दिए जा रहे आपके प्यार के लिए धन्यवाद।”

फिल्म ‘जीत’ में करिश्मा कपूर ने भी अभिनय किया था। फिल्म की कहानी देओल के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे अपने बॉस के प्रतिद्वंद्वी की बेटी काजल (कपूर) से प्यार हो जाता है।

फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 30 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी और यह उस समय की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी।

अभिनेता हाल में ‘बटवारा 1947’ में नजर आए थे। यह फिल्म 14 अगस्त को रिलीज हुई थी और इसमें प्रीति जिंटा ने भी अभिनय किया है।

फिल्म की कहानी 1947 के विभाजन के दौरान भारत से लाहौर जा रहे एक मुस्लिम शरणार्थी परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है।

इसका निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और इसका निर्माण आमिर खान की कंपनी आमिर खान प्रोडक्शंस के तहत किया गया है।

भाषा

राखी वैभव

वैभव