पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के छह स्थायी न्यायाधीश नियुक्त करने की कॉलेजियम की सिफारिश

Ads

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के छह स्थायी न्यायाधीश नियुक्त करने की कॉलेजियम की सिफारिश

  •  
  • Publish Date - April 18, 2023 / 08:07 PM IST,
    Updated On - April 18, 2023 / 08:07 PM IST

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ के नेतृत्व वाले उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के छह अतिरिक्त न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश स्थायी न्यायाधीशों के रूप में नियुक्ति के लिए की है।

ये अतिरिक्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति विकास बहल, न्यायमूर्ति विकास सूरी, न्यायमूर्ति संदीप मौदगिल, न्यायमूर्ति विनोद शर्मा (भारद्वाज), न्यायमूर्ति पंकज जैन और न्यायमूर्ति जसजीत सिंह बेदी हैं।

कॉलेजियम में न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति के एम जोसेफ भी शामिल हैं। कॉलेजियम ने कहा कि चूंकि अतिरिक्त न्यायाधीशों में से एक का मौजूदा दो साल का कार्यकाल 24 मई को समाप्त होने वाला है, इसलिए केंद्र द्वारा सिफारिश पर तेजी से कार्रवाई की जा सकती है। कॉलेजियम ने 17 अप्रैल को अपनी बैठक में ये फैसले लिया।

पिछले साल 19 दिसंबर को, पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के कॉलेजियम ने सर्वसम्मति से सिफारिश की थी कि अतिरिक्त न्यायाधीशों को उस उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया जाए।

कॉलेजियम ने कहा कि सिफारिश में पंजाब एवं हरियाणा राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों की सहमति है और ये न्याय विभाग से 13 अप्रैल, 2023 को प्राप्त हुई है।

भाषा अमित माधव

माधव