जर्मनी के चांसलर मर्ज ने सरकार के शीर्ष पदों में फेरबदल किया

Ads

जर्मनी के चांसलर मर्ज ने सरकार के शीर्ष पदों में फेरबदल किया

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 07:04 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 07:04 PM IST

बर्लिन, 24 जुलाई (एपी) जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने क्षेत्रीय चुनावों से पहले अपनी सरकार की स्थिति मजबूत करने के लिए शुक्रवार को शीर्ष पदों में फेरबदल किया।

जर्मनी में जल्द ही क्षेत्रीय चुनाव होने वाले है और मर्ज की पार्टी किसी राज्य में अपना पहला गवर्नर बनाने के लिए प्रयास कर रही है।

मर्ज ने लगभग 15 महीने पहले पद संभाला था। उन्होंने जर्मनी की अर्थव्यवस्था में सुधार करने और उसे फिर से पटरी पर लाने का वादा किया था।

जर्मनी की अर्थव्यवस्था यूरोप की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। लेकिन अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की प्रक्रिया अपेक्षा से धीमी रही है। मर्ज के मध्य-दक्षिणपंथी यूनियन गठबंधन और मध्य-वामपंथी सोशल डेमोक्रेट्स की गठबंधन सरकार अब तक मतदाताओं को यह भरोसा नहीं दिला सकी है कि वह ठोस परिणाम दे सकती है।

इसका नतीजा यह हुआ कि चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की लोकप्रियता रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई, जबकि व्यापक जन असंतोष के कारण दक्षिणपंथी पार्टी ‘अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी’(एएफडी) को लगातार समर्थन मिल रहा है।

जर्मनी के नेता ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री नीना वार्केन चांसलरी में थॉर्स्टन फ्रेई की जगह लेंगी जो मर्ज के ‘चीफ ऑफ स्टाफ’ थे। यह पद सरकार के सुचारु संचालन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। वह यह पद संभालने वाली पहली महिला होंगी।

मर्ज की क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन (सीडीयू) पार्टी के महासचिव कार्स्टन लिनेमान स्वास्थ्य मंत्री होंगे।

उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में और बदलाव किए जायेंगे, लेकिन उन्होंने इसका कोई विवरण नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इन फैसलों में “अभी कुछ दिन और लगेंगे, और संभव है कि इससे भी अधिक समय लगे।”

मर्ज ने कहा, ‘‘हम ऐसी सरकार चाहते हैं जो पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ काम करे। हम सुधारों के लिए काम करने वाली सरकार हैं और इसे आगे भी साबित करते रहना चाहते हैं।’’

सत्तारूढ़ दलों को सितंबर में तीन क्षेत्रीय चुनावों का सामना करना पड़ेगा।

मर्ज ने जर्मन मीडिया की उन खबरों के बारे में कुछ नहीं कहा जिनमें कहा गया है कि परिवहन मंत्री पैट्रिक श्नाइडर को भी बदलने की योजना बनाई जा रही है।

एपी

देवेंद्र प्रशांत

प्रशांत