नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीसीपीएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून पहली तिमाही में सालाना आधार पर 28.77 प्रतिशत बढ़कर 427.19 करोड़ रुपये रहा।
टाटा समूह की रोजमर्रा के उपयोग की घरेलू वस्तुएं बनाने वाली कंपनी (एफएमसीजी) ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 331.75 करोड़ रुपये था।
चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 12 प्रतिशत बढ़कर 5,348.88 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,778.91 करोड़ रुपये थी।
अप्रैल-जून तिमाही में टीसीपीएल का कुल खर्च 10.9 प्रतिशत बढ़कर 4,828.61 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी की कुल आय 12.46 प्रतिशत बढ़कर 5,420.82 करोड़ रुपये रही।
वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कुल ब्रांडेड कारोबार 14.3 प्रतिशत बढ़कर 4,883.1 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,270.9 करोड़ रुपये था।
कंपनी के ब्रांडेड कारोबार में चाय, कॉफी, पानी और विभिन्न मूल्यवर्धित उत्पादों का कारोबार शामिल है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुनील डी’सूज़ा ने कहा, ‘‘हमने मात्रा में बढ़ोतरी के दम पर एक और तिमाही में दहाई अंकों में वृद्धि हासिल की। अहम बात यह है कि इससे एकीकृत शुद्ध लाभ में 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।’’
भाषा यासिर रमण
रमण