श्रीनगर में मादक पदार्थ के संदिग्ध तस्कर का घर कुर्क किया गया
श्रीनगर में मादक पदार्थ के संदिग्ध तस्कर का घर कुर्क किया गया
श्रीनगर, 28 अप्रैल (भाषा) श्रीनगर के सैदा कदल इलाके में पुलिस ने मादक पदार्थ के कथित तस्कर से संबंधित 1.5 करोड़ रुपये मूल्य के घर को मंगलवार को कुर्क कर लिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
श्रीनगर पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जम्मू कश्मीर में नशा मुक्त अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी गहन कार्रवाई को जारी रखते हुए श्रीनगर पुलिस ने इसके एक कुख्यात तस्कर से संबंधित लगभग 1.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की है।’’
रैनावारी थाने ने स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए श्रीनगर के सैदा कदल में आरोपी बिलाल अहमद पाटू के घर और 11 मरला (एक मरला भूमि 272.25 वर्ग फुट की होती है) जमीन कुर्क कर ली।
पुलिस ने कहा, ‘‘उक्त संपत्ति को मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त आय के माध्यम से अवैध रूप से अर्जित संपत्ति के रूप में चिन्हित किया गया है।’’
भाषा यासिर रंजन
रंजन

Facebook


