श्रीनगर, 15 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में अधिकारियों ने बुधवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा शुरू किए गए मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर से संबंधित व्यावसायिक संपत्ति को ध्वस्त कर दिया।
पिछले सप्ताह उपराज्यपाल द्वारा ‘नशा मुक्त जम्मू कश्मीर अभियान’ शुरू किए जाने के बाद केंद्र शासित प्रदेश में अधिकारियों द्वारा संपत्ति को ध्वस्त करने की यह पहली घटना है।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्तार अहमद से संबंधित दुकानें और अन्य संबंधित निर्माण की गई संपत्ति आज सुबह अधिकारियों द्वारा ध्वस्त कर दी गईं।
उन्होंने कहा कि इन संपत्तियों को इस साल की शुरुआत में ही स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत अधिकारियों द्वारा जब्त कर लिया गया था।
अधिकारियों ने कहा, ‘ये संपत्तियां केवल मादक पदार्थों के व्यापार से प्राप्त आय से ही नहीं बनाई गई थीं, बल्कि इन्हें सरकारी जमीन पर बनाया गया था।’
भाषा शुभम रंजन
रंजन