नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) संसद के बजट सत्र के पहले चरण में सदन की अवमानना के मामले में निलंबित किए गए आठ विपक्षी सदस्यों का निलंबन मंगलवार को वापस लिया जा सकता है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक बुलाई जिसमें आठ विपक्षी सदस्यों का निलंबन वापस लेने पर सहमति बनी।
सूत्रों के अनुसार बैठक में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों में इस बात पर भी सहमति बनी कि कोई भी सदस्य अब नारेबाजी करते हुए दूसरे पक्ष की सीटों की तरफ नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि सदन में कागज फाड़कर नहीं फेंकने, अधिकारियों की मेजों पर नहीं चढ़ने पर भी सहमति बनी।
कांग्रेस ने सोमवार को आठ विपक्षी सांसदों के निलंबन का विषय लोकसभा में उठाया और अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया कि उनका निलंबन रद्द किया जाए।
विपक्षी दलों ने पिछले सप्ताह भी सरकार और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया था कि आठ विपक्षी सांसदों का निलंबन रद्द किया जाए।
बजट सत्र के पहले चरण के दौरान तीन फरवरी को आसन की ओर कागज फेंकने के बाद सदन की अवमानना के मामले में विपक्ष के आठ सांसदों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया था।
निलंबित सांसदों में कांग्रेस के मणिकम टैगोर, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एस. वेंकटेशन शामिल हैं।
निलंबन के बाद से ये सांसद संसद की कार्यवाही वाले दिन संसद के मकर द्वार पर धरना दे रहे हैं।
भाषा वैभव अविनाश
अविनाश