शुभेंदु ने तृणमूल और वाम मोर्चा सरकारों पर बंगाल की शिक्षा व्यवस्था ‘बर्बाद’ करने का आरोप लगाया

शुभेंदु ने तृणमूल और वाम मोर्चा सरकारों पर बंगाल की शिक्षा व्यवस्था ‘बर्बाद’ करने का आरोप लगाया

शुभेंदु ने तृणमूल और वाम मोर्चा सरकारों पर बंगाल की शिक्षा व्यवस्था ‘बर्बाद’ करने का आरोप लगाया
Modified Date: September 3, 2026 / 04:22 pm IST
Published Date: September 3, 2026 4:22 pm IST

कोलकाता, तीन सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य की पिछली तृणमूल कांग्रेस और वाम मोर्चा सरकारों पर शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने का बृहस्पतिवार को आरोप लगाया और कहा कि मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार स्कूली शिक्षा में सुधार कर भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रवादी मूल्यों को बहाल करने का प्रयास कर रही है।

विवेकानंद विद्या विकास परिषद द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि पिछली सरकारों ने शिक्षा व्यवस्था और पाठ्यक्रम में इस तरह बदलाव किए, जिससे राज्य की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय चेतना कमजोर हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘छात्रों की मदद करना राज्य सरकार का कर्तव्य है, लेकिन पश्चिम बंगाल की स्कूली शिक्षा का पाठ्यक्रम और शिक्षा व्यवस्था 34 साल के वामपंथी शासन और 15 साल के तृणमूल शासन के दौरान बदहाल रही। इन दोनों सरकारों ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया।’’

अधिकारी ने आरोप लगाया, ‘‘अगर यह व्यवस्था कुछ और समय तक जारी रहती तो पश्चिम बंगाल की शिक्षा व्यवस्था और बांग्लादेश की इस्लामी शिक्षा व्यवस्था में कोई अंतर नहीं रह जाता।’’

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में युवा पीढ़ी को अंग्रेजी शिक्षा और कंप्यूटर सीखने से वंचित रखा गया।

उन्होंने राज्य में शिक्षक भर्ती घोटाले का भी मुद्दा उठाया और कहा कि ‘‘यह तृणमूल कांग्रेस की करतूत थी’’। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार संस्थागत भ्रष्टाचार को खत्म करेगी।

यादवपुर विश्वविद्यालय में दीवारों पर नारे लिखे जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा, ‘‘परिसर की दीवारों पर अब भी ‘फ्री फलस्तीन’ और ‘कश्मीर मांगे आजादी’ जैसे नारे लिखे जा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की नीति ‘‘राष्ट्रविरोधी गतिविधियों’’ को कतई बर्दाश्त नहीं करने’’ की है।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में