कोलकाता, 19 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक इमारत में आग लगने की घटना पर बुधवार को दुख व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि इस त्रासदी के लिए पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार में बरती गई लापरवाही जिम्मेदार है।
इस इमारत में एक होटल भी संचालित किया जा रहा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की व्यापक जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। हादसे में पांच बांग्लादेशी नागरिकों व चार वर्षीय एक बच्चे समेत नौ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए।
शुभेंदु ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रशासन फिलहाल बचाव और राहत कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना में कहां चूक हुई।
उन्होंने कहा, “कोलकाता में मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में हुई इस दुखद अग्निकांड से स्तब्ध और व्यथित हूं।”
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में लगातार लापरवाही बरती गई और शहर के बुनियादी ढांचे के विस्तार के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई।
शुभेंदु ने कहा, “यह त्रासदी पूर्ववर्ती सरकार की लापरवाही का नतीजा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि आग से सुरक्षा के अनिवार्य मानकों की पूरी तरह अनदेखी करते हुए इमारतों में होटल और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां चलाने की अनुमति दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार बुनियादी जांच व्यवस्था तक नहीं कर पाई और असुरक्षित परिस्थितियों को बने रहने दिया।
शुभेंदु ने कहा, “हम अब पिछली लापरवाहियों से हुए नुकसान की भरपाई करने और उन सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं, जिन्हें शुरू से ही लागू किया जाना चाहिए था।”
शुभेंदु ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने प्रशासन को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा उपचार और सहायता उपलब्ध कराई जाए।
भाषा खारी वैभव
वैभव