उत्तराखंड : भूस्खलन से पिथौरागढ़ में कूलागाड़ बेली पुल क्षतिग्रस्त, धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग बाधित

Ads

उत्तराखंड : भूस्खलन से पिथौरागढ़ में कूलागाड़ बेली पुल क्षतिग्रस्त, धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग बाधित

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 08:22 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 08:22 PM IST

देहरादून/पिथौरागढ़, 19 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में जारी बारिश के बीच पिथौरागढ़ जिले में धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग पर बुधवार को हुए भूस्खलन के कारण कूलागाड़ बेली पुल क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, पहाड़ी से पत्थर और चट्टान गिरने के कारण पुल को नुकसान पहुंचा है।

सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। सड़क संपर्क बहाल करने का काम शुरू कर दिया गया है।

कूलागाड़ पुल धारचूला से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित है। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने धारचूला से व्यास और दारमा घाटियों की ओर आवाजाही फिलहाल रोक दी है।

धारचूला के उप जिलाधिकारी आशीष जोशी ने कहा, ‘‘जब तक क्षतिग्रस्त पुल के बगल में वैकल्पिक रास्ता तैयार नहीं हो जाता, तब तक हमने लोगों से ऊंची घाटियों वाले गांवों से धारचूला की ओर आने-जाने से बचने का अनुरोध किया है।’’

उन्होंने बताया कि वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के लिए बीआरओ ने सीमेंट ब्लॉक की मदद से रास्ता बनाने का काम शुरू कर दिया है। इससे जल्द ही आवागमन सुचारू होने की उम्मीद है।

जोशी ने कहा, ‘‘बुधवार शाम तक पैदल आवाजाही शुरू हो जाएगी और उम्मीद है कि बृहस्पतिवार तक छोटी गाड़ियों का संचालन भी शुरू हो जाएगा।’’

उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नया पुल बनाने में पांच से 10 दिन का समय लग सकता है।

भाषा

सं, दीप्ति राजकुमार रवि कांत