सीएनजी पंप पर विस्फोट के बाद 30 मिनट तक खून से लथपथ पड़ा रहा कर्मी: परिवार का दावा

Ads

सीएनजी पंप पर विस्फोट के बाद 30 मिनट तक खून से लथपथ पड़ा रहा कर्मी: परिवार का दावा

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 08:08 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 08:08 PM IST

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) बाहरी दिल्ली के टिकरी कलां स्थित एक सीएनजी स्टेशन पर बुधवार दोपहर एक ट्रक में गैस भरते समय सिलेंडर में हुए विस्फोट के बाद 25 वर्षीय मनीष गंभीर हालत में आधे घंटे तक वहीं पड़ा रहा, लेकिन उसे अस्पताल ले जाने वाला कोई नहीं था। उसके परिवार ने यह दावा किया।

परिजनों का कहना है कि उन्हें फोन पर घटना की सूचना मिली जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे जहां मनीष जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था।

उसके चाचा विजय प्रसाद ने दावा किया कि मनीष टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास स्थित ईंधन पंप पर लगभग 30 मिनट तक पड़ा रहा और फिर एम्बुलेंस आई और उसे अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उसकी जान नहीं बच सकी।

प्रसाद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘वह आधा घंटा वहीं पड़ा रहा। उसका बहुत सारा खून बह चुका था। ऐसे कोई कैसे बच सकता था?’

पंप पर करीब तीन साल से काम कर रहे मनीष की ड्यूटी बुधवार अपराह्न करीब दो बजे शुरू हुई थी।

उसके चाचा ने बताया कि विस्फोट अपराह्न करीब 2.30 बजे से 2.45 बजे के बीच हुआ।

प्रसाद ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली कि सिलेंडर फट गया है और मनीष गंभीर रूप से घायल है।

उन्होंने कहा, ‘मैंने अपने भाई को फोन किया, और वह, मेरा भतीजा और कई अन्य लोग यहां पहुंचे।’

उनके मुताबिक, जब तक उसे एम्बुलेंस में रखा गया, उसका काफी खून बह चुका था।

प्रसाद ने कहा, ‘उसे ले जाने वाला कोई नहीं था। गैस स्टेशन के सारे कर्मी भाग गए थे।”

पुलिस ने बताया कि बाहरी दिल्ली के टिकरी कलां स्थित एक सीएनजी स्टेशन पर ट्रक में गैस भरने के दौरान सिलेंडर फटने से मारे गए तीन लोगों में मनीष भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार ईंधन पंप के एक अन्य कर्मचारी सन्नी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, तीसरे व्यक्ति की पहचान की कोशिश जा रही है।

पुलिस ने बताया कि घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज किया जा रहा है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि अपराह्न 3.37 बजे घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

डीएफएस अधिकारी ने बताया कि ट्रक के पास खड़े छह विस्फोट की चपेट में आ गए।

पुलिस ने बताया कि विस्फोट के सटीक कारण का तुरंत पता नहीं चल सका है।

भाषा नोमान नोमान देवेंद्र

देवेंद्र