तिरुवनंतपुरम/नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने बुधवार को कहा कि दुनिया भर में रह रहे केरल के लोगों के लिए ओणम उत्सव का समय है, लेकिन सरकार के लिए यह बड़ी वित्तीय चुनौती का दौर है क्योंकि इस दौरान उसे भारी खर्च करना पड़ता है।
सतीशन ने दिल्ली स्थित केरल हाउस में आयोजित ओणम समारोह में कहा कि दक्षिणी राज्य के साथ-साथ दुनिया भर में, जहां केरल के लोग काम या शिक्षा के लिए गए हैं, वहां भी फसल की कटाई से जुड़ा यह पर्व बड़े उत्साह से मनाया जाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘कई देशों में केरल के लोग कई महीनों तक ओणम मनाते हैं। यह ऐसा समय होता है जब वे अपनी परेशानियां भूलकर एक साथ आते हैं और अपने घरों को याद करते हैं।’’
हालांकि, उन्होंने कहा कि सरकार के लिए यह चुनौती का समय होता है क्योंकि उसे काफी धन खर्च करना पड़ता है।
सतीशन ने कहा, ‘‘हमें कीमतों में बढ़ोतरी रोकने के लिए बाजार में हस्तक्षेप करना पड़ता है, दुकानों में रियायती वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होती है, पेंशन का बकाया चुकाना होता है, बोनस और त्योहार भत्ते देने होते हैं। इसलिए सरकार पर बहुत बड़ा वित्तीय बोझ पड़ता है, लेकिन हमें खुशी है कि हम इस साल ओणम के अवसर पर ये सब करने में सक्षम रहे।’’
राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने भी समारोह को संबोधित किया और कहा कि इस बार उनके लिए यह ‘तूफान ओणम’ रहा है क्योंकि वह मादक पदार्थ रोधी अभियान से जुड़े रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दुनियाभर में राज्य के लोग धर्म, जाति या संप्रदाय से परे ओणम मनाते हैं।
भाषा
राखी वैभव
वैभव