कोलकाता, एक अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कोलकाता में इस्कॉन (अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ) की एक विशाल रसोई का उद्घाटन किया। इस रसोई में सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के छात्रों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार किया जाएगा।
शहर के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित तरताला में इस रसोई का औपचारिक उद्घाटन करने से पहले अधिकारी ने एक ‘यज्ञ’ में हिस्सा लिया।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने रसोई का निरीक्षण किया और खुद भोजन तैयार करने की प्रक्रिया में भाग लिया।
उन्होंने बिजली से चलने वाले उन वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिनके जरिए स्कूलों तक भोजन पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन भी मौजूद थे। इसके अलावा पांच स्कूलों के लगभग 40 छात्रों ने भी उद्घाटन कार्यक्रम में शिरकत की।
अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य इस्कॉन के सहयोग से राज्य की मध्याह्न भोजन योजना के तहत खाना पकाने और उसके वितरण की व्यवस्था को अधिक सुगम एवं बेहतर बनाना है।
भाषा सुमित नेत्रपाल
नेत्रपाल