तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: शाम पांच बजे तक 82.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: शाम पांच बजे तक 82.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया
(फोटो के साथ)
चेन्नई, 23 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार को मतदान संपन्न हो गया, जहां शाम पांच बजे तक 82.24 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मतदान समापन के तय समय शाम छह बजे से पहले मतदान केंद्रों में मौजूद लोगों को मतदान करने की अनुमति दी जाएगी।
भारत निर्वाचन आयोग (ईसी) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, चुनाव में 573 करोड़ पात्र मतदाताओं में से लगभग 82.24 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह आंकड़ा शाम पांच बजे तक का है और अंतिम आंकड़ों में वृद्धि हो सकती है।
तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीट के लिए मतदान बृहस्पतिवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ और राज्यभर में मतदान केंद्रों में मतदाताओं की भीड़ उमड़ी।
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक), मुख्य विपक्षी दल ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) और अभिनेता-राजनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के बीच है।
मुख्यमंत्री एम के स्टालिन (चेन्नई), अन्नाद्रमुक प्रमुख एडप्पाडी के पलानीस्वामी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल एवं भाजपा उम्मीदवार डॉ. तमिलिसाई सौदरराजन और एनटीके के शीर्ष नेता सीमन मतदान के शुरुआती घंटों में वोट डालने वालों में शामिल थे।
भाषा
शफीक देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


