तमिलनाडु:मुख्यमंत्री विजय छह अक्टूबर के उपचुनाव के लिए अभियान की शुरुआत करेंगे

Ads

तमिलनाडु:मुख्यमंत्री विजय छह अक्टूबर के उपचुनाव के लिए अभियान की शुरुआत करेंगे

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 01:00 PM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 01:00 PM IST

चेन्नई, 25 सितंबर (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय शुक्रवार को चेन्नई के निकट मदुरंथकम से छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे।

मरीना बीच के पास नया सचिवालय-विधानसभा परिसर बनाने के सरकार के प्रस्ताव के कड़े विरोध एवं लगातार बिजली कटौती जैसे ज्वलंत मुद्दों के बीच विजय उपचुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

मदुरांतकम (चेन्नई से सटे चेंगलपट्टू जिले) और पश्चिमी तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले की धारापुरम विधानसभा सीटों पर छह अक्टूबर को उपचुनाव होंगे।

यह उपचुनाव अन्नाद्रमुक विधायकों मरगतम कुमारवेल और पी. सत्यबामा के अपने पदों से इस्तीफा देने और सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल होने के बाद आवश्यक हुए हैं। टीवीके ने उन्हें ही इन सीटों से उम्मीदवार बनाया है, जहां से वे अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में निर्वाचित हुए थे।

दिलचस्प बात यह है कि टीवीके को बाहर से समर्थन दे रहे वाम दल, जिनके समर्थन के आधार पर सरकार टिकी हुई है, सत्तारूढ़ दल के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल नहीं हुए हैं और उपचुनाव अलग मोर्चे के रूप में लड़ रहे हैं।

मुख्य विपक्षी द्रमुक, प्रमुख द्रविड़ पार्टी अन्नाद्रमुक और तमिल राष्ट्रवादी नाम तमिझर काची (एनटीके) के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

राज्य के कई उत्तरी हिस्सों में प्रभाव रखने वाली वन्नियार बहुल पीएमके ने किसी भी दल को समर्थन नहीं दिया है।

भाषा रंजन संतोष

संतोष