तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने कोयंबटूर में 50 कार एंबुलेंस रवाना कीं
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने कोयंबटूर में 50 कार एंबुलेंस रवाना कीं
कोयंबटूर, 30 मई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने रविवार को कोविड -19 रोगियों को अस्पताल ले जाने के लिए कोयंबटूर में 50 कार एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन एंबुलेंसों का इस्तेमाल नगर निगम के पांच क्षेत्रों में होगा।
स्टालिन तीन पश्चिमी जिलों –इरोड, तिरुपुर और कोयंबटूर के दौरे पर हैं। वह इरोड के पेरुंडुरई आईआरटी अस्पताल और तिरुपुर के कुमारन कॉलेज में स्थापित एक केंद्र की स्थिति और सुविधाओं की समीक्षा के बाद यहां पहुंचे।
प्रत्येक जोन को 10 एंबुलेंस दी गई हैं।
स्टालिन ने इसके बाद सरकारी ईएसआई अस्पताल का दौरा किया, जो कोविड-19 के मरीजों के उपचार के लिए विशिष्ट अस्पताल है। पीपीई किट पहनकर उन्होंने केंद्र का चक्कर लगाया और कुछ मरीजों से स्थिति के बारे में सवाल किए।
इस मौके पर राज्य के चिकित्सा एवं परिवार कल्याण मंत्री एम सुब्रह्मण्यम और कैबिनेट मंत्री के रामचंद्रन और आर सक्कारापाणी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री तीन जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महामारी की स्थिति और इसके प्रसार को नियंत्रित करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों के बारे में चर्चा करेंगे।
भाषा
नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


