तमिलनाडु सरकार ने पूर्वोत्तर मानसून की तैयारियां युद्धस्तर पर करने के निर्देश दिये

Ads

तमिलनाडु सरकार ने पूर्वोत्तर मानसून की तैयारियां युद्धस्तर पर करने के निर्देश दिये

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 11:30 AM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 11:30 AM IST

चेन्नई, दो सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्य सचिव एम. साई कुमार ने अधिकारियों को ग्रेटर चेन्नई नगर निगम तथा अवाडी और तांबरम के उपनगरीय क्षेत्रों में पूर्वोत्तर मानसून से निपटने की तैयारियां युद्धस्तर पर करने का निर्देश दिया है।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, कुमार ने एक सितंबर को यहां सचिवालय में क्षेत्रीय निगरानी अधिकारियों और संबंधित विभागों के प्रमुखों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी गाद निकालने और तूफानी जल निकासी नेटवर्क से जुड़े कार्य सितंबर के अंत तक पूरा करने की समयसीमा तय की।

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के निर्देश पर विभिन्न क्षेत्रों में मंत्रियों और निगरानी अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो मानसून की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।

मुख्य सचिव कुमार ने भारी बारिश और अल नीनो के प्रभाव से निपटने के लिए किए जा रहे मानसून-पूर्व उपायों की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से जलभराव वाले और निचले इलाकों में उच्च क्षमता वाले मोटर पंप तैयार रखने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से वेलाचेरी, अंबत्तूर सिडको, तिरुवोत्तियूर और मणली का उल्लेख करते हुए कहा कि आम लोगों का सामान्य जनजीवन बाधित नहीं होना चाहिए।

उन्होंने तूफानी जल निकासी व्यवस्था में मौजूद खामियों को जल्द दूर करने और छूटी हुई नालियों को जोड़ने का काम तेजी से पूरा करने का आदेश दिया।

भाषा

मनीषा देवेंद्र

देवेंद्र