तमिलनाडु चुनाव : द्रमुक और अन्नाद्रमुक के सहयोगियों के बीच 21 सीट पर सीधा मुकाबला
तमिलनाडु चुनाव : द्रमुक और अन्नाद्रमुक के सहयोगियों के बीच 21 सीट पर सीधा मुकाबला
चेन्नई, तीन अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ द्रमुक और विपक्षी अन्नाद्रमुक के सहयोगियों के बीच 21 निर्वाचन क्षेत्रों में सीधा मुकाबला होगा।
ये छोटे दल दो प्रमुख गठबंधनों (द्रमुक के नेतृत्व वाले एसपीए और अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले राजग) के तहत चुनाव लड़ रहे हैं और इन्हें राज्य के दो प्रमुख दलों का समर्थन प्राप्त होगा, लेकिन अंततः जिस सीट पर वे चुनाव लड़ रहे हैं, वहां उन्हें मतदाताओं के बीच अपना व्यक्तिगत प्रभाव प्रदर्शित करना होगा।
पूर्व फिल्म निर्देशक सीमान की ‘नाम तमिलर काची’ और अभिनेता-नेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) पार्टी राज्य की सभी 234 सीट पर चुनाव लड़ रही हैं, लेकिन वे अकेले चुनाव मैदान में हैं। दोनों दल अपने-अपने नेताओं पर काफी हद तक निर्भर हैं।
शोलींघुर, पेन्नागरम और मयिलादुथुराई में कांग्रेस का मुकाबला पीएमके (राजग) से होगा। वहीं, डीएमडीके (एसपीए) अपने पूर्व सहयोगी पीएमके के खिलाफ धर्मपुरी, पोलूर, सलेम (पश्चिम) और विरुधचलम में चुनावी मैदान में उतरेगी। द्रमुक की एक अन्य सहयोगी, थोल थिरुमावलवन के नेतृत्व वाली वीसीके, कट्टुमन्नारकोइल और तिरुपोरुर में पीएमके को टक्कर देगी।
कांग्रेस उदगमंडलम, अरंतंगी, विलावनकोड, किल्लियूर और कोलाचेल में भाजपा और एएमएमके (राजग) से लोहा लेगी। वामपंथी दल गंधर्वकोट्टई, पद्मनाभपुरम, थल्ली और कीलवेलूर में भाजपा के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे।
करैकुडी और नंगुनेरी में कांग्रेस का मुकाबला एएमएमके से होगा, जबकि पेरियाकुलम में वीसीके और एएमएमके के बीच भिड़ंत होगी।
एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) 121 निर्वाचन क्षेत्रों में सीधे मुकाबले में आमने-सामने हैं।
धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) का नेतृत्व कर रही द्रमुक 175 सीट पर चुनाव लड़ रही है, जबकि अन्नाद्रमुक 169 निर्वाचन क्षेत्रों में मैदान में है।
तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीट के लिए एक ही चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना चार मई को होगी।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप

Facebook


