तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने नर्स से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने नर्स से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने नर्स से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए
Modified Date: September 7, 2026 / 09:39 am IST
Published Date: September 7, 2026 9:39 am IST

हैदराबाद, सात सितंबर (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने एक नर्स के कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।

उन्होंने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय दिलाने के लिए वे मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में कराने के संबंध में आवश्यक कदम उठाएं।

इस संबंध में रविवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि रेड्डी ने अधिकारियों को घटना के सभी पहलुओं की जांच करने के निर्देश दिए हैं। इनमें घटना की परिस्थितियां, पीड़िता के आवास पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रबंधन की ओर से किसी तरह की लापरवाही तथा महिला कर्मचारियों के लिए अनिवार्य सुरक्षा प्रोटोकॉल के क्रियान्वयन की भी जांच शामिल है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मामले में आरोप पत्र जल्द दाखिल करने के लिए फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया सहित पूरी जांच जल्द से जल्द की जाए।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार नर्स के परिवार की हर संभव मदद करेगी।

राज्य के मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी और डी अनसूया सीताक्का ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

राज्य सरकार ने नर्स के परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान की है और ‘इंदिराम्मा’ आवास योजना के तहत एक मकान भी मंजूर किया है।

पुलिस ने बताया कि नर्स से कथित तौर पर दुष्कर्म और उसकी हत्या करने के आरोप में बिहार के निवासी 34 वर्षीय एक बाइक मैकेनिक को गिरफ्तार किया गया है।

अनुसूचित जनजाति समुदाय से ताल्लुक रखने वाली महिला थुक्कुगुड़ा इलाके के एक अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थी। वह 29 अगस्त को अस्पताल परिसर के एक आवासीय कमरे में मृत पाई गई थी।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव


लेखक के बारे में