तमिलनाडु: सर्जरी के बाद जान गंवाने वाली फुटबॉलर आर. प्रिया के घर पहुंचे स्टालिन
तमिलनाडु: सर्जरी के बाद जान गंवाने वाली फुटबॉलर आर. प्रिया के घर पहुंचे स्टालिन
(तस्वीरों के साथ)
चेन्नई, 17 नवंबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन बृहस्पतिवार को 17 वर्षीय फुटबॉल खिलाड़ी आर. प्रिया के घर पहुंचे, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान कथित लापरवाही के चलते मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री ने यहां उत्तरी चेन्नई में स्थित प्रिया के घर पर परिवार से मुलाकात की और उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में 10 लाख रुपये का चेक सौंपा।
स्टालिन ने प्रिया के भाई को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन-तमिलनाडु में डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में काम करने के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा। साथ ही, उन्होंने यहां ‘तमिलनाडु अर्बन हैबिटेट डेवलपमेंट बोर्ड’ द्वारा विकसित आवासीय परिसर में परिवार के लिए एक फ्लैट उपलब्ध कराने का आदेश दिया।
क्वीन मैरी कॉलेज में बीएससी फिजिकल एजुकेशन की प्रथम वर्ष की छात्रा प्रिया फुटबॉल खिलाड़ी थीं। उनके दाहिने पैर में चोट लगी थी और घुटने के इलाज के लिए आर्थ्रोस्कोपी सर्जरी की गई थी। पेरियार नगर के सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने यह सर्जरी की थी।
हालांकि, बाद में राजीव गांधी राजकीय जनरल हॉस्पिटल में उनके पैर को काटना पड़ा और 15 नवंबर को शरीर के कई अंगों के काम करने के बाद उनकी मृत्यु हो गई।
सर्जरी करने वाले पेरियार नगर अस्पताल के डॉक्टरों पर चिकित्सा लापरवाही का आरोप लगाया गया था। सरकार ने डॉक्टरों को निलंबित करते हुए विभागीय व कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
भाषा जोहेब मनीषा
मनीषा

Facebook


